आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को कोर्ट ने किया बरी

अदालत ने संगम विहार से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक दिनेश मोहनिया को 2016 में दर्ज छेड़छाड़ के मामले से सोमवार को बरी कर दिया। मोहनिया के साथ ही अदालत ने दो अन्य आरोपियों को भी बरी किया है। राउज एवेन्यू अदालत के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विशाल पाहुजा ने दिनेश मोहनिया और उसके अन्य दो साथियों को बरी कर दिया। अदालत ने फैसले के खिलाफ अपील होने पर इन आरोपियों की पेशी सुनिश्चित करने के लिए 20-20 हजार रुपये का मुचलका भरवाया है।


उल्लेखननीय है कि मोहनिया पर महिलाओं के एक समूह से कथित रूप से दुर्व्यवहार करने का आरोप था। इस मामले में महिलाओं की शिकायत पर 23 जून 2016 को मामला दर्ज किया गया था। महिलाओं ने आरोप लगाया था कि वे अपने क्षेत्र में पानी संकट की परेशानी के निवारण के लिए उनके पास पहुंची थीं और तभी मोहनिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे छेड़छाड़ व दुर्व्यवहार किया था।